गबन: अध्याय-2
अध्याय
2
ग्यारह
महाशय
दयानाथ को जब रमा के नौकर हो जाने का हाल मालूम हुआ, तो
बहुत खुश हुए। विवाह होते ही वह इतनी जल्द चेतेगा इसकी उन्हें आशा न थी। बोले--'जगह तो अच्छी है। ईमानदारी से काम करोगे, तो किसी
अच्छे पद पर पहुंच जाओगे। मेरा यही उपदेश है कि पराए पैसे को हराम समझना।'
रमा
के जी में आया कि साफ कह दूं--'अपना उपदेश आप अपने ही
लिए रखिए, यह मेरे अनुकूल नहीं है।' मगर
इतना बेहया न था।
दयानाथ
ने फिर कहा--'यह जगह तो तीस रूपये की थी, तुम्हें बीस ही रूपए मिले?'
रमानाथ--'नए आदमी को पूरा वेतन कैसे देते, शायद साल-छः महीने
में बढ़ जाय। काम बहुत है।'
दयानाथ--'तुम जवान आदमी हो, काम से न घबडाना चाहिए।'
रमा
ने दूसरे दिन नया सूट बनवाया और फैशन की कितनी ही चीज़ें खरीदीं। ससुराल से मिले
हुए रूपये कुछ बच रहे थे। कुछ मित्रों से उधार ले लिए। वह साहबी ठाठ बनाकर सारे
दफ्तरपर रोब जमाना चाहता था। कोई उससे वेतन तो पूछेगा नहीं, महाजन लोग उसका ठाठ-बाट देखकर सहम जाएंगे। वह जानता था, अच्छी आमदनी तभी हो सकती है जब अच्छा ठाठ हो, सड़क
के चौकीदार को एक पैसा काफी समझा जाता है, लेकिन उसकी जगह
सार्जंट हो, तो किसी की हिम्मत ही न पड़ेगी कि उसे एक पैसा
दिखाए। फटेहाल भिखारी के लिए चुटकी बहुत समझी जाती है, लेकिन
गेरूए रेशम धारण करने वाले बाबाजी को लजाते-लजाते भी एक रूपया देना ही पड़ता है।
भेख और भीख में सनातन से मित्रता है।
तीसरे
दिन रमा कोट-पैंट पहनकर और हैट लगाकर निकला, तो उसकी शान
ही कुछ और हो गई। चपरासियों ने झुककर सलाम किए। रमेश बाबू से मिलकर जब वह अपने काम
का चार्ज लेने आया, तो देखा एक बरामदे में फटी हुई मैली दरी
पर एक मियां साहब संदूक पर रजिस्टर फैलाए बैठे हैं और व्यापारी लोग उन्हें चारों
तरफ से घेरे खड़े हैं। सामने गाडियों, ठेलों और इक्कों का
बाज़ार लगा हुआ है। सभी अपने-अपने काम की जल्दी मचा रहे हैं। कहीं लोगों में
गाली-गलौज
हो रही है, कहीं चपरासियों में हंसी-दिल्लगी। सारा
काम बड़े ही अव्यवस्थित रूप से हो रहा है। उस फटी हुई दरी पर बैठना रमा को
अपमानजनक जान पड़ा। वह सीधे रमेश बाबू से जाकर बोला--'क्या
मुझे भी इसी मैली दरी पर बिठाना चाहते हैं?एक अच्छी-सी मेज़
और कई कुर्सियां भिजवाइए और चपरासियों को हुक्म दीजिए कि एक आदमी से ज्यादा मेरे
सामने न आने पावे। रमेश बाबू ने मुस्कराकर मेज़ और कुर्सियां भिजवा दीं। रमा शान
से कुर्सी पर बैठा बूढ़े मुंशीजी उसकी उच्छृंखलता पर दिल में हंस रहे थे। समझ गए,
अभी नया जोश है, नई सनक है। चार्ज दे दिया।
चार्ज में था ही क्या, केवल आज की आमदनी का हिसाब समझा देना
था। किस जिंस पर किस हिसाब से चुंगी ली जाती है, इसकी छपी
हुई तालिका मौजूद थी, रमा आधा घंटे में अपना काम समझ गया।
बूढ़े मुंशीजी ने यद्यपि खुद ही यह जगह छोड़ी थी, पर इस वक्त
जाते हुए उन्हें दुःख हो रहा था। इसी जगह वह तीस साल से बराबर बैठते चले आते थे।
इसी जगह की बदलौत उन्होंने धन और यश दोनों ही कमाया था। उसे छोड़ते हुए क्यों न
दुःख होता। चार्ज देकर जब वह विदा होने लगे तो रमा उनके साथ जीने के नीचे तक गया।
खां साहब उसकी इस नम्रता से प्रसन्न हो गए। मुस्कराकर बोले--'हर एक बिल्टी पर एक आना बंधा हुआ है, खुली हुई बात
है। लोग शौक से देते हैं। आप अमीर आदमी हैं, मगर रस्म न
बिगाडिएगा। एक बार कोई रस्म टूट जाती है, तो उसका बंधना
मुश्किल हो जाता है। इस एक आने में आधा चपरासियों का हक है। जो बडे बाबू पहले थे,
वह पचीस रूपये महीना लेते थे, मगर यह कुछ नहीं
लेते।'
रमा
ने अरूचि प्रकट करते हुए कहा--'गंदा काम है, मैं सगाई से काम करना चाहता हूं।'
बूढ़े
मियां ने हंसकर कहा--'अभी गंदा मालूम होता है,
लेकिन फिर इसी में मज़ा आएगा।'
खां
साहब को विदा करके रमा अपनी कुर्सी पर आ बैठा और एक चपरासी से बोला--'इन लोगों से कहो, बरामदे के नीचे चले जाएं । एक-एक
करके नंबरवार आवें, एक कागज पर सबके नाम नंबरवार लिख लिया
करो।'
एक
बनिया,
जो दो घंटे से खडा था, खुश होकर बोला--'हां सरकार, यह बहुत अच्छा होगा।'
रमानाथ--'जो पहले आवे, उसका काम पहले होना चाहिए। बाकी लोग
अपना नंबर आने तक बाहर रहें। यह नहीं कि सबसे पीछे वाले शोर मचाकर पहले आ जाएं और
पहले वाले खड़े मुंह ताकते रहें। '
कई
व्यापारियों ने कहा--'हां बाबूजी, यह इंतजाम हो जाए, तो बहुत अच्छा हो भभ्भड़ में बडी
देर हो जाती है।'
इतना
नियंत्रण रमा का रोब जमाने के लिए काफी था। वणिक-समाज में आज ही उसके रंग-ढंग की
आलोचना और प्रशंसा होने लगी। किसी बड़े कॉलेज के प्रोफसर को इतनी ख्याति उम्रभर
में न मिलती। दो-चार दिन के अनुभव से ही रमा को सारे दांव-घात मालूम हो गए।
ऐसी-ऐसी बातें सूझ गई जो खां साहब को ख्वाब में भी न सूझी थीं। माल की तौल, गिनती और परख में इतनी धांधली थी जिसकी कोई हद नहीं। जब इस धांधली से
व्यापारी लोग सैकड़ों की रकम डकार जाते हैं, तो रमा बिल्टी
पर एक आना लेकर ही क्यों संतुष्ट हो जाय, जिसमें आधा आना
चपरासियों का है। माल की तौल और परख में दृढ़ता से नियमों का पालन करके वह धन और
कीर्ति, दोनों ही कमा सकता है। यह अवसर वह क्यों छोड़ने लगा
- विशेषकर जब बडे बाबू उसके गहरे दोस्त थे। रमेश बाबू इस नए रंग ईट की कार्य-पटुता
पर मुग्ध हो गए। उसकी पीठ ठोंककर बोले--'कायदे के अंदर रहो
और जो चाहो करो। तुम पर आंच तक न आने पायेगी।'
रमा
की आमदनी तेज़ी से बढ़ने लगी। आमदनी के साथ प्रभाव भी बढ़ा। सूखी कलम घिसने वाले
दफ्तरके बाबुओं को जब सिगरेट, पान, चाय या जलपान की इच्छा होती, तो रमा के पास चले आते,
उस बहती गंगा में सभी हाथ धो सकते थे। सारे दफ्तर में रमा की सराहना
होने लगी। पैसे को तो वह ठीकरा समझता है! क्या दिल है कि वाह! और जैसा दिल है,
वैसी ही ज़बान भी। मालूम होता है, नस-नस में
शराफत भरी हुई है। बाबुओं का जब यह हाल था, तोचपरासियों और
मुहर्रिरों का पूछना ही क्या? सब-के-सब रमा के बिना दामों
गुलाम थे। उन गरीबों की आमदनी ही नहीं, प्रतिष्ठा भी खूब बढ़
गई थी। जहां गाड़ीवान तक फटकार दिया करते थे, वहां अब
अच्छे-अच्छे की गर्दन पकड़कर नीचे ढकेल देते थे। रमानाथ की तूती बोलने लगी।
मगर
जालपा की अभिलाषाएं अभी एक भी पूरी न हुई। नागपंचमी के दिन मुहल्ले की कई युवतियां
जालपा के साथ कजली खेलने आइ, मगर जालपा अपने कमरे के
बाहर नहीं निकली। भादों में जन्माष्टमी का उत्सव आया। पड़ोस ही में एक सेठजी रहते
थे, उनके यहां बडी धूमधाम से उत्सव मनाया जाता था। वहां से
सास और बहू को बुलावा आया। जागेश्वरी गई, जालपा ने जाने से
इंकार किया। इन तीन महीनों में उसने रमा से एक बार भी आभूषण की चर्चा न की,पर उसका यह एकांत-प्रेम, उसके आचरण से उत्तेजक था।
इससे ज्यादा उत्तेजक वह पुराना सूची-पत्र था, जो एक दिन रमा
कहीं से उठा लाया था। इसमें भांति- भांति के सुंदर आभूषणों के नमूने बने हुए थे।
उनके मूल्य भी लिखे हुए थे। जालपा एकांत में इस सूची-पत्र को बडे ध्यान से देखा
करती। रमा को देखते ही वह सूची-पत्र छिपा लेती थी। इस हार्दिक कामना को प्रकट करके
वह अपनी हंसी न उड़वाना चाहती थी।
रमा
आधी रात के बाद लौटा, तो देखा, जालपा चारपाई पर पड़ी है। हंसकर बोला-बडा अच्छा गाना हो रहा था। तुम नहीं
गई; बड़ी गलती की।'
जालपा
ने मुंह उधर लिया, कोई उत्तर न दिया।
रमा
ने फिर कहा--'यहां अकेले पड़े-पड़े तुम्हारा जी घबराता
रहा होगा! '
जालपा
ने तीव्र स्वर में कहा--'तुम कहते हो, मैंने गलती की, मैं समझती हूं, मैंने अच्छा किया। वहां किसके मुंह में कालिख लगती।'
जालपा
ताना तो न देना चाहती थी, पर रमा की इन बातों ने उसे
उत्तेजित कर दिया। रोष का एक कारण यह भी था कि उसे अकेली छोड़कर सारा घर उत्सव
देखने चला गया। अगर उन लोगों के ह्रदय होता, तो क्या वहां
जाने से इंकार न कर देते?
रमा
ने लज्जित होकर कहा--'कालिख लगने की तो कोई बात न थी,
सभी जानते हैं कि चोरी हो गई है, और इस ज़माने
में दो-चार हज़ार के गहने बनवा लेना, मुंह का कौर नहीं है।'
चोरी
का शब्द ज़बान पर लाते हुए, रमा का ह्रदय धड़क उठा। जालपा
पति की ओर तीव्र दृष्टि से देखकर रह गई। और कुछ बोलने से बात बढ़ जाने का भय था,
पर रमा को उसकी दृष्टि से ऐसा भासित हुआ, मानो
उसे चोरी का रहस्य मालूम है और वह केवल संकोच के कारण उसे खोलकर नहीं कह रही है।
उसे उस स्वप्न की बात भी याद आई, जो जालपा ने चोरी की रात को
देखा था। वह दृष्टि बाण के समान उसके ह्रदय को छेदने लगी; उसने
सोचा, शायद मुझे भम्र हुआ। इस दृष्टि में रोष के सिवा और कोई
भाव नहीं है, मगर यह कुछ बोलती क्यों नहीं- चुप क्यों हो गई?उसका चुप हो जाना ही गजब था। अपने मन का संशय मिटाने और जालपा के मन की
थाह लेने के लिए रमा ने मानो डुब्बी मारी--'यह कौन जानता था
कि डोली से उतरते ही यह विपत्ति तुम्हारा स्वागत करेगी।'
जालपा
आंखों में आंसू भरकर बोली--'तो मैं तुमसे गहनों के
लिए रोती तो नहीं हूं। भाग्य में जो लिखा था, वह हुआ। आगे भी
वही होगा, जो लिखा है। जो औरतें गहने नहीं पहनतीं, क्या उनके दिन नहीं कटते?'
इस
वाक्य ने रमा का संशय तो मिटा दिया, पर इसमें जो
तीव्र वेदना छिपी हुई थी, वह उससे छिपी न रही। इन तीन महीनों
में बहुत प्रयत्न करने पर भी वह सौ रूपये से अधिक संग्रह न कर सका था। बाबू लोगों
के आदर-सत्कार में उसे बहुत-कुछ फलना पड़ता था; मगर बिना
खिलाए-पिलाए काम भी तो न चल सकता था। सभी उसके दुश्मन हो जाते और उसे उखाड़ने की
घातें सोचने लगते। मुफ्त का धन अकेले नहीं हजम होता, यह वह
अच्छी तरह जानता था। वह स्वयं एक पैसा भी व्यर्थ खर्च न करता। चतुर व्यापारी की
भांति वह जो कुछ खर्च करता था, वह केवल कमाने के लिए।
आश्वासन देते हुए बोला--'ईश्वर ने चाहा तो दो-एक महीने में
कोई चीज़ बन जाएगी।'
जालपा--'मैं उन स्त्रियों में नहीं हूं, जो गहनों पर जान
देती हैं। हां, इस तरह किसी के घर आते-जाते शर्म आती ही है।'
रमा
का चित्त ग्लानि से व्याकुल हो उठा। जालपा के एक-एक शब्द से निराशा टपक रही थी। इस
अपार वेदना का कारण कौन था?क्या यह भी उसी का दोष न था कि
इन तीन महीनों में उसने कभी गहनों की चर्चा नहीं की?जालपा
यदि संकोच के कारण इसकी चर्चा न करती थी, तो रमा को उसके
आंसू पोंछने के लिए, उसका मन रखने के लिए, क्या मौन के सिवा दूसरा उपाय न था?मुहल्ले में रोज़
ही एक-न-एक उत्सव होता रहता है, रोज़ ही पासपड़ोस की औरतें
मिलने आती हैं, बुलावे भी रोज आते ही रहते हैं, बेचारी जालपा कब तक इस प्रकार आत्मा का दमन करती रहेगी, अंदर-ही-अंदर कुढती रहेगी। हंसने-बोलने को किसका जी नहीं चाहता, कौन कैदियों की तरह अकेला पडा रहना पसंद करता है? मेरे
ही कारण तो इसे यह भीषण यातना सहनी पड़ रही है। उसने सोचा, क्या
किसी सर्राफ से गहने उधार नहीं लिए जा सकते?कई बडे सर्राफों
से उसका परिचय था, लेकिन उनसे वह यह बात कैसे कहता- कहीं वे
इंकार कर दें तो- या संभव है, बहाना करके टाल दें। उसने
निश्चय किया कि अभी उधार लेना ठीक न होगा। कहीं वादे पर रूपये न दे सका, तो व्यर्थ में थुक्का-फजीहत होगी। लज्जित होना पड़ेगा। अभी कुछ दिन और धैर्य
से काम लेना चाहिए। सहसा उसके मन में आया, इस विषय में जालपा
की राय लूं। देखूं वह क्या कहती है। अगर उसकी इच्छा हो तो किसी सर्राफ से वादे पर
चीज़ें ले ली जायं, मैं इस अपमान और संकोच को सह लूंगा।
जालपा को संतुष्ट करने के लिए कि उसके गहनों की उसे कितनी फिक्र है! बोला--'तुमसे एक सलाह करना चाहता हूं। पूछूं या न पूछूं। '
जालपा
को नींद आ रही थी, आंखें बंद किए हुए बोली--'अब सोने दो भई, सवेरे उठना है।'
रमानाथ--'अगर तुम्हारी राय हो, तो किसी सर्राफ से वादे पर
गहने बनवा लाऊं। इसमें कोई हर्ज तो है नहीं।'
जालपा
की आंखें खुल गई। कितना कठोर प्रश्न था। किसी मेहमान से पूछना--'कहिए तो आपके लिए भोजन लाऊं, कितनी बडी अशिष्टता है।
इसका तो यही आशय है कि हम मेहमान को खिलाना नहीं चाहते। रमा को चाहिए था कि चीजें
लाकर जालपा के सामने रख देता। उसके बार-बार पूछने पर भी यही कहना चाहिए था कि दाम
देकर लाया हूं। तब वह अलबत्ता खुश होती। इस विषय में उसकी सलाह लेना, घाव पर नमक छिड़कना था। रमा की ओर अविश्वास की आंखों से देखकर बोली--'मैं तो गहनों के लिए इतनी उत्सुक नहीं हूं।'
रमानाथ--'नहीं, यह बात नहीं, इसमें क्या
हर्ज है कि किसी सर्राफ से चीजें ले लूं। धीरे-धीरे उसके रूपये चुका दूंगा।'
जालपा
ने दृढ़ता से कहा--'नहीं, मेरे
लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं। मैं वेश्या नहीं हूं कि तुम्हें नोच-खसोटकर अपना
रास्ता लूं। मुझे तुम्हारे साथ जीना और मरना है। अगर मुझे सारी उम्र बे-गहनों के
रहना पड़े, तो भी मैं कुछ लेने को न कहूंगी। औरतें गहनों की
इतनी भूखी नहीं होतीं। घर के प्राणियों को संकट में डालकर गहने पहनने वाली दूसरी
होंगी। लेकिन तुमने तो पहले कहा था कि जगह बडी आमदनी की है, मुझे
तो कोई विशेष बचत दिखाई नहीं देती।'
रमानाथ--'बचत तो जरूर होती और अच्छी होती, लेकिन जब अहलकारों
के मारे बचने भी पाए। सब शैतान सिर पर सवार रहते हैं। मुझे पहले न मालूम था कि
यहां इतने प्रेतों की पूजा करनी होगी।'
जालपा--'तो अभी कौन-सी जल्दी है, बनते रहेंगे धीरे-धीरे।'
रमानाथ--'खैर, तुम्हारी सलाह है, तो
एक-आधा महीने और चुप रहता हूं। मैं सबसे पहले कंगन बनवाऊंगा।'
जालपा
ने गदगद होकर कहा--'तुम्हारे पास अभी इतने रूपये
कहां होंगे?'
रमानाथ--'इसका उपाय तो मेरे पास है। तुम्हें कैसा कंगन पसंद है?'
जालपा
अब अपने कृत्रिम संयम को न निभा सकी। आलमारी में से आभूषणों का सूची-पत्र निकालकर
रमा को दिखाने लगी। इस समय वह इतनी तत्पर थी, मानो सोना
लाकर रक्खा हुआ है, सुनार बैठा हुआ है, केवल डिज़ाइन ही पसंद करना बाकी है। उसने सूची के दो डिज़ाइन पसंद किए।
दोनों वास्तव में बहुत ही सुंदर थे। पर रमा उनका मूल्य देखकर सन्नाटे में आ गया।
एक- एक हज़ार का था, दूसरा आठ सौ का।
रमानाथ--'ऐसी चीज़ें तो शायद यहां बन भी न सकें, मगर कल मैं
ज़रा सर्राफ की सैर करूंगा।'
जालपा
ने पुस्तक बंद करते हुए करूण स्वर में कहा--'इतने रूपये न
जाने तुम्हारे पास कब तक होंगे? उंह, बनेंगे-बनेंगे,
नहीं कौन कोई गहनों के बिना मरा जाता है।'
रमा
को आज इसी उधेड़बुन में बडी रात तक नींद न आई। ये जडाऊ कंगन इन गोरी-गोरी कलाइयों
पर कितने खिलेंगे। यह मोह-स्वप्न देखते-देखते उसे न जाने कब नींद आ गई।
बारह
दूसरे
दिन सवेरे ही रमा ने रमेश बाबू के घर का रास्ता लिया। उनके यहां भी जन्माष्टमी में
झांकी होती थी। उन्हें स्वयं तो इससे कोई अनुराग न था, पर उनकी स्त्री उत्सव मनाती थी, उसी की यादगार में
अब तक यह उत्सव मनाते जाते थे। रमा को देखकर बोले--'आओ जी,
रात क्यों नहीं आए? मगर यहां गरीबों के घर
क्यों आते। सेठजी की झांकी कैसे छोड़ देते। खूब बहार रही होगी!
रमानाथ--'आपकी-सी सजावट तो न थी, हां और सालों से अच्छी थी।
कई कत्थक और वेश्याएं भी आई थीं। मैं तो चला आया था; मगर
सुना रातभर गाना होता रहा।'
रमेश--'सेठजी ने तो वचन दिया था कि वेश्याएं न आने पावेंगी, फिर यह क्या किया। इन मूर्खो के हाथों हिन्दू-धर्म का सर्वनाश हो जायगा।
एक तो वेश्याओं का नाम यों भी बुरा, उस पर ठाकुरद्वारे में!
छिः-छिः, न जाने इन गधों को कब अक्ल आवेगी।'
रमानाथ--'वेश्याएं न हों, तो झांकी देखने जाय ही कौन- सभी तो
आपकी तरह योगी और तपस्वी नहीं हैं।'
रमेश--'मेरा वश चले, तो मैं कानून से यह दुराचार बंद कर
दूं। खैर, फुरसत हो तो आओ एक-आधा बाज़ी हो जाय।'
रमानाथ--'और आया किसलिए हूं; मगर आज आपको मेरे साथ ज़रा
सर्राफ तक चलना पड़ेगा। यों कई बडी-बडी कोठियों से मेरा परिचय है; मगर आपके
रहने
से कुछ और ही बात होगी।'
रमेश--'चलने को चला चलूंगा, मगर इस विषय में मैं बिलकुल
कोरा हूं।न कोई चीज बनवाई न खरीदी। तुम्हें क्या कुछ लेना है?'
रमानाथ--'लेना-देना क्या है, ज़रा भाव-ताव देखूंगा।'
रमेश--'मालूम होता है, घर में फटकार पड़ी है।'
रमानाथ--'जी, बिलकुल नहीं। वह तो जेवरों का नाम तक नहीं लेती।
मैं कभी पूछता भी हूं, तो मना करती हैं, लेकिन अपना कर्तव्य भी तो कुछ है। जब से गहने चोरी चले गए, एक चीज़ भी नहीं बनी।'
रमेश--'मालूम होता है, कमाने का ढंग आ गया। क्यों न हो,
कायस्थ के बच्चे हो कितने रूपये जोड़ लिए? '
रमानाथ--'रूपये किसके पास हैं, वादे पर लूंगा। '
रमेश--'इस ख़ब्त में न पड़ो। जब तक रूपये हाथ में न हों, बाज़ार
की तरफ जाओ ही मत। गहनों से तो बुड्ढे नई बीवियों का दिल खुश किया करते हैं,
उन बेचारों के पास गहनों के सिवा होता ही क्या है। जवानों के लिए और
बहुत से लटके हैं। यों मैं चाहूं, तो दो-चार हज़ार का माल
दिलवा सकता हूं,मगर भई, कर्ज़ की लत
बुरी है।'
रमानाथ--
'मैं दो-तीन महीनों में सब रूपये चुका दूंगा। अगर मुझे इसका विश्वास
न होता, तो मैं जिक्र ही न करता।'
रमेश--'तो दो-तीन महीने और सब्र क्यों नहीं कर जाते?कर्ज़
से बडा पाप दूसरा नहीं। न इससे बडी विपत्ति दूसरी है। जहां एक बार धड़का खुला कि
तुम आए दिन सर्राफ की दुकान पर खड़े नज़र आओगे। बुरा न मानना। मैं जानता हूं,
तुम्हारी आमदनी अच्छी है, पर भविष्य के भरोसे
पर और चाहे जो काम करो, लेकिन कर्ज क़भी मत लो। गहनों का
मर्ज़ न जाने इस दरिद्र देश में कैसे फैल गया। जिन लोगों के भोजन का ठिकाना नहीं,
वे भी गहनों के पीछे प्राण देतेहैं। हर साल अरबों रूपये केवल
सोना-चांदी खरीदने में व्यय हो जाते हैं। संसार के और किसी देश में इन धातुओं की
इतनी खपत नहीं। तो बात क्या है? उन्नत देशों में धन व्यापार
में लगता है, जिससे लोगों की परवरिश होती है, और धन बढ़ता है। यहां धन! ऋंगार में खर्च होता है, उसमें
उन्नति और उपकार की जो दो महान शक्तियां हैं, उन दोनों ही का
अंत हो जाता है। बस यही समझ लो कि जिस देश के लोग जितने ही मूर्ख होंगे, वहां जेवरों का प्रचार भी उतना ही अधिक होगा। यहां तो खैर नाक-कान छिदाकर
ही रह जाते हैं, मगर कई ऐसे देश भी हैं, जहां होंठ छेदकर लोग गहने पहनते हैं।
रमा
ने कौतूहल से कहा-- याद नहीं आता, पर शायद अफ्रीका हो,
हमें यह सुनकर अचंभा होता है, लेकिन अन्य देश
वालों के लिए नाक-कान का छिदना कुछ कम अचंभे की बात न होगी। बुरा मरज है, बहुत ही बुरा। वह धन, जो भोजन में खर्च होना चाहिए,
बाल-बच्चों का पेट काटकर गहनों की भेंट कर दिया जाता है। बच्चों को
दूध न मिले न सही। घी की गंध तक उनकी नाक में न पहुंचे, न
सही। मेवों और फलों के दर्शन उन्हें न हों, कोई परवा नहीं,
पर देवीजी गहने जरूर पहनेंगी और स्वामीजी गहने जरूर बनवाएंगे। दस-दस,
बीस-बीस रूपये पाने वाले क्लर्को को देखता हूं, जो सड़ी हुई कोठरियों में पशुओं की भांति जीवन काटते हैं, जिन्हें सवेरे का जलपान तक मयस्सर नहीं होता, उन पर
भी गहनों की सनक सवार रहती है। इस प्रथा से हमारा सर्वनाश होता जा रहा है। मैं तो
कहता हूं, यह गुलामी पराधीनता से कहीं बढ़कर है। इसके कारण
हमारा कितना आत्मिक, नैतिक, दैहिक,
आर्थिक और धार्मिक पतन हो रहा है, इसका अनुमान
ब्रह्मा भी नहीं कर सकते।
रमानाथ--
'मैं तो समझता हूं, ऐसा कोई भी देश नहीं, जहां स्त्रियां गहने न पहनती हों। क्या योरोप में गहनों का रिवाज नहीं है?'
रमेश--
'तो तुम्हारा देश योरोप तो नहीं है। वहां के लोग धानी हैं। वह धन लुटाएं,
उन्हें शोभा देता है। हम दरिक्र हैं, हमारी
कमाई का एक पैसा भी फजूल न खर्च होना चाहिए।'
रमेश
बाबू इस वाद-विवाद में शतरंज भूल गए। छुट्टी का दिन था ही,दो-चार मिलने वाले और आ गए, रमानाथ चुपके से खिसक
आया। इस बहस में एक बात ऐसी थी, जो उसके दिल में बैठ गई।
उधार गहने लेने का विचार उसके मन से निकल गया। कहीं वह जल्दी रूपया न चुका सका,
तो कितनी बडी बदनामी होगी। सराट्ठ तक गया अवश्य, पर किसी दुकान में जाने का साहस न हुआ। उसने निश्चय किया, अभी तीन-चार महीने तक गहनों का नाम न लूंगा।
वह
घर पहुंचा, तो नौ बज गए थे। दयानाथ ने उसे देखा तो
पूछा-'आज सवेरे-सवेरे कहां चले गए थे?'
रमानाथ-'ज़रा बडे बाबू से मिलने गया था।'
दयानाथ-'घंटे-आधा घंटे के लिए पुस्तकालय क्यों नहीं चले जाया करते। गप-शप में दिन
गंवा देते हो अभी तुम्हारी पढ़ने-लिखने की उम्र है। इम्तहान न सही, अपनी योग्यता तो बढ़ा सकते हो एक सीधा-सा खत लिखना पड़ जाता है, तो बगलें झांकने लगते हो असली शिक्षा स्कूल छोड़ने के बाद शुरू होती है,
और वही हमारे जीवन में काम भी आती है। मैंने तुम्हारे विषय में कुछ
ऐसी बातें सुनी हैं, जिनसे मुझे बहुत खेद हुआ है और तुम्हें
समझा देना मैं अपनाधर्म समझता हूं। मैं यह हरगिज नहीं चाहता कि मेरे घर में हराम
की एक कौड़ी भी आए। मुझे नौकरी करते तीस साल हो गए। चाहता, तो
अब तक हज़ारों रूपये जमा कर लेता, लेकिन मैं कसम खाता हूं कि
कभी एक पैसा भी हराम का नहीं लिया। तुममें यह आदत कहां से आ गई, यह मेरी समझ में नहीं आता। '
रमा
ने बनावटी क्रोध दिखाकर कहा-'किसने आपसे कहा है?
ज़रा उसका नाम तो बताइए? मूंछें उखाड़ लूं
उसकी! '
दयानाथ-'किसी ने भी कहा हो, इससे तुम्हें कोई मतलब नहीं। तुम
उसकी मूंछें उखाड़ लोगे, इसलिए बताऊंगा नहीं, लेकिन बात सच है या झूठ, मैं इतना ही पूछना चाहता
हूं।'
रमानाथ-'बिलकुल झूठ! '
दयानाथ-'बिलकुल झूठ? '
रमानाथ-'जी हां, बिलकुल झूठ? '
दयानाथ-'तुम दस्तूरी नहीं लेते? '
रमानाथ-'दस्तूरी रिश्वत नहीं है, सभी लेते हैं और
खुल्लम-खुल्ला लेते हैं। लोग बिना मांगे आप-ही-आप देते हैं, मैं
किसी से मांगने नहीं जाता। '
दयानाथ-'सभी खुल्लम-खुल्ला लेते हैं और लोग बिना मांगे देते हैं, इससे तो रिश्वत की बुराई कम नहीं हो जाती।'
रमानाथ-'दस्तूरी को बंद कर देना मेरे वश की बात नहीं। मैं खुद न लूं, लेकिन चपरासी और मुहर्रिर का हाथ तो नहीं पकड़ सकता आठ-आठ, नौनौ पाने वाले नौकर अगर न लें, तो उनका काम ही नहीं
चल सकता मैं खुद न लूं, पर उन्हें नहीं रोक सकता ।'
दयानाथ
ने उदासीन भाव से कहा-'मैंने समझा दिया, मानने का अख्तियार तुम्हें है।'
यह
कहते हुए दयानाथ दफ्तर चले गए। रमा के मन में आया, साफ
कह दे, आपने निस्पृह बनकर क्या कर लिया, जो मुझे दोष दे रहे हैं। हमेशा पैसे-पैसे को मुहताज रहे। लड़कों को पढ़ा
तक न सके। जूते-कपड़े तक न पहना सके। यह डींग मारना तब शोभा देता, जब कि नीयत भी साफ रहती और जीवन भी सुख से कटता।
रमा
घर में गया तो माता ने पूछा-'आज कहां चले गए बेटा,
तुम्हारे बाबूजी इसी पर बिगड़ रहे थे।'
रमानाथ-'इस पर तो नहीं बिगड़ रहे थे, हां, उपदेश दे रहे थे कि दस्तूरी मत लिया करो। इससे आत्मा दुर्बल होती है और
बदनामी होती है।'
जागेश्वरी-'तुमने कहा नहीं, आपने बडी ईमानदारी की तो कौन-से
झंडे गाड़ दिए! सारी जिंदगी पेट पालते रहे।'
रमानाथ-'कहना तो चाहता था, पर चिढ़जाते। जैसे आप कौड़ी-कौड़ी
को मुहताज रहे, वैसे मुझे भी बनाना चाहते हैं। आपको लेने का
शऊर तो है नहीं। जब देखा कि यहां दाल नहीं गलती , तो भगत बन
गए। यहां ऐसे घोंघा- बसंत नहीं हैं। बनियों से रूपये ऐंठने के लिए अक्ल चाहिए,
दिल्लगी नहीं है! जहां किसी ने भगतपन किया और मैं समझ गया, बुद्धू है। लेने की तमीज नहीं, क्या करे बेचारा।
किसी तरह आंसू तो पोंछे।'
जागेश्वरी-'बस-बस यही बात है बेटा, जिसे लेना आवेगा, वह जरूर लेगा। इन्हें तो बस घर में कानून बघारना आता है और किसी के सामने
बात तो मुंह से निकलती नहीं। रूपये निकाल लेना तो मुश्किल है।'
रमा
दफ्तर जाते समय ऊपर कपड़े पहनने गया, तो जालपा ने
उसे तीन लिफाफे डाक में छोड़ने के लिए दिए। इस वक्त उसने तीनों लिफाफे जेब में डाल
लिए, लेकिन रास्ते में उन्हें खोलकर चिट्ठियां पढ़ने लगा।
चिट्ठियां क्या थीं, विपत्ति और वेदना का करूण विलाप था,
जो उसने अपनी तीनों सहेलियों को सुनाया था। तीनों का विषय एक ही था।
केवल भावों का अंतर था,'जिंदगी पहाड़ हो गई है, न रात को नींद आती है न दिन को आराम, पतिदेव को
प्रसन्न करने के लिए, कभी-कभी हंस-बोल लेती हूं पर दिल हमेशा
रोया करता है। न किसी के घर जाती हूं, न किसी को मुंह दिखाती
हूं। ऐसा जान पड़ता है कि यह शोक मेरी जान ही लेकर छोड़ेगा। मुझसे वादे तो रोज किए
जाते हैं, रूपये जमा हो रहे हैं, सुनार
ठीक किया जा रहा है, डिजाइन तय किया जा रहा है, पर यह सब धोखा है और कुछ नहीं।'
रमा
ने तीनों चिट्ठियां जेब में रख लीं। डाकखाना सामने से निकल गया, पर उसने उन्हें छोडा नहीं। यह अभी तक यही समझती है कि मैं इसे धोखा दे रहा
हूं- क्या करूं, कैसे विश्वास दिलाऊं- अगर अपना वश होता तो
इसी वक्त आभूषणों के टोकरे भर-भर जालपा के सामने रख देता, उसे
किसी बड़े सर्राफ की दुकान पर ले जाकर कहता, तुम्हें जो-जो
चीजें लेनी हों, ले लो। कितनी अपार वेदना है, जिसने विश्वास का भी अपहरण कर लिया है। उसको आज उस चोट का सच्चा अनुभव हुआ,
जो उसने झूठी मर्यादा की रक्षा में उसे पहुंचाई थी। अगर वह जानता,
उस अभिनय का यह फल होगा, तो कदाचित् अपनी
डींगों का परदा खोल देता। क्या ऐसी दशा में भी, जब जालपा इस
शोक-ताप से फुंकी जा रही थी, रमा को कर्ज़ लेने में संकोच
करने की जगह थी? उसका ह्रदय कातर हो उठा। उसने पहली बार
सच्चे ह्रदय से ईश्वर से याचना की,भगवन्, मुझे चाहे दंड देना, पर मेरी जालपा को मुझसे मत
छीनना। इससे पहले मेरे प्राण हर लेना। उसके रोम-रोम से आत्मध्वनि-सी निकलने
लगी--ईश्वर, ईश्वर! मेरी दीन दशा पर दया करो। लेकिन इसके साथ
ही उसे जालपा पर क्रोध भी आ रहा था। जालपा ने क्यों मुझसे यह बात नहीं कही। मुझसे
क्यों परदा रखा और मुझसे परदा रखकर अपनी सहेलियों से यह दुखडा रोया?
बरामदे
में माल तौला जा रहा था। मेज़ पर रूपये-पैसे रखे जा रहे थे और रमा चिंता में डूबा
बैठा हुआ था। किससे सलाह ले, उसने विवाह ही क्यों
किया- सारा दोष उसका अपना था। जब वह घर की दशा जानता था, तो
क्यों उसने विवाह करने से इंकार नहीं कर दिया? आज उसका मन
काम में नहीं लगता था। समय से पहले ही उठकर चला आया।
जालपा
ने उसे देखते ही पूछा, 'मेरी चिट्ठियां छोड़ तो नहीं
दीं? '
रमा
ने बहाना किया, 'अरे इनकी तो याद ही नहीं रही। जेब में
पड़ी रह गई।'
जालपा-'यह बहुत अच्छा हुआ। लाओ, मुझे दे दो, अब न भेजूंगी।'
रमानाथ-'क्यों, कल भेज दूंगा।'
जालपा-'नहीं, अब मुझे भेजना ही नहीं है, कुछ ऐसी बातें लिख गई थी,जो मुझे न लिखना चाहिए थीं।
अगर तुमने छोड़ दी होती, तो मुझे दुःख होता। मैंने तुम्हारी
निंदा की थी। यह कहकर वह मुस्कराई।
रमानाथ-'जो बुरा है, दगाबाज है, धूर्त
है, उसकी निंदा होनी ही चाहिए।'
जालपा
ने व्यग्र होकर पूछा-'तुमने चिट्ठियां पढ़लीं क्या?'
रमा
ने निद्यसंकोच भाव से कहा,हां, यह
कोई अक्षम्य अपराध है?'
जालपा
कातर स्वर में बोली,तब तो तुम मुझसे बहुत नाराज
होगे?'
आंसुओं
के आवेग से जालपा की आवाज़ रूक गई। उसका सिर झुक गया और झुकी हुई आंखों से आंसुओं
की बूंदें आंचल पर फिरने लगीं। एक क्षण में उसने स्वर को संभालकर कहा,'मुझसे बडा भारी अपराध हुआ है। जो चाहे सज़ा दो; पर
मुझसे अप्रसन्न मत हो ईश्वर जानते हैं, तुम्हारे जाने के बाद
मुझे कितना दुःख हुआ। मेरी कलम से न जाने कैसे ऐसी बातें निकल गई।'
टिप्पणियाँ